जमशेदपुर: शहर के प्रतिष्ठित नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी में बायोटेक्नोलॉजी विभाग की ओर से “Science Showdown 2026” का भव्य आयोजन किया गया. इस एक दिवसीय विज्ञान उत्सव का उद्देश्य छात्रों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और विश्लेषणात्मक क्षमता को बढ़ावा देना रहा.

कार्यक्रम में बायोटेक्नोलॉजी, कृषि, प्राणीशास्त्र, वनस्पति विज्ञान, माइक्रोबायोलॉजी और फार्मेसी विभाग के सैकड़ों छात्र- छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. इस दौरान छात्रों ने आधुनिक विज्ञान और पर्यावरणीय चुनौतियों से जुड़े विषयों पर अपने विचार चित्रों और प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदर्शित किए.
विज्ञान आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रही, जिसमें छात्रों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली. प्रतिभागियों ने अपनी त्वरित सोच, ज्ञान और तार्किक क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया.
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों को व्यावहारिक चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं और विज्ञान के क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देते हैं.
वहीं कुलपति प्रभात कुमार पाणि ने कहा कि इस तरह के आयोजन छात्रों में खोजी प्रवृत्ति विकसित करने में सहायक होते हैं. उन्होंने बायोटेक्नोलॉजी विभाग के प्रयास की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को जारी रखने पर बल दिया.
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पदक और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया. आयोजन को सफल बनाने में विभागाध्यक्ष और फैकल्टी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. छात्रों ने इस आयोजन को ज्ञानवर्धक बताते हुए ऐसे मंचों की सराहना की.

