आदित्यपुर: आरआईटी थाना क्षेत्र के आसंगी स्थित खरकाई नदी के चेकडैम में रविवार को स्नान के दौरान एनआईटी के बीटेक चौथे वर्ष के छात्र मीर तनवीर हसन के डूब जाने से पूरे परिसर में हड़कंप मच गया. घटना के बाद कॉलेज के छात्रों में भारी आक्रोश फैल गया. देर शाम तक पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और छात्रों की मौजूदगी में तलाश अभियान चलता रहा, लेकिन अंधेरा होने के कारण छात्र का कोई सुराग नहीं मिल सका.



इधर साथी छात्र के लापता होने से नाराज विद्यार्थियों ने कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कैंपस में धरना शुरू कर दिया और तीन प्रमुख मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की घोषणा कर दी.
जानकारी के अनुसार मीर तनवीर हसन अपने दो अन्य साथियों के साथ आसंगी चेकडैम में स्नान करने गया था. इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया. साथ मौजूद छात्रों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण सफलता नहीं मिल सकी. इसके बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन को घटना की सूचना दी गई.
सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस, स्थानीय लोग तथा बड़ी संख्या में कॉलेज के छात्र घटनास्थल पर पहुंच गए. काफी देर तक खोजबीन की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा. छात्र का अब तक कोई पता नहीं चल सका है.
घटना के बाद छात्रों का गुस्सा कॉलेज प्रबंधन पर फूट पड़ा. छात्रों का आरोप है कि उन्होंने समय रहते प्रबंधन से मदद की गुहार लगाई, लेकिन तत्काल कोई प्रभावी पहल नहीं की गई. यदि समय पर कार्रवाई होती तो शायद छात्र की जान बचाई जा सकती थी.
आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज परिसर में धरना शुरू कर दिया और तीन प्रमुख मांगें रखीं. छात्रों ने कहा कि सबसे पहले मीर तनवीर हसन का शव जल्द से जल्द बरामद किया जाए. उसके परिजनों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए. साथ ही कॉलेज परिसर की चारदीवारी (बाउंड्री) का तत्काल निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में कोई छात्र नदी की ओर न जा सके.

छात्रों ने आरोप लगाया कि वे पिछले कई वर्षों से कैंपस की बाउंड्री कराने की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रबंधन ने इस ओर कभी गंभीरता नहीं दिखाई. उनका कहना है कि यदि परिसर सुरक्षित होता तो यह हादसा नहीं होता.
छात्रों ने कॉलेज के प्लेसमेंट इंचार्ज सरोज सारंगी को हटाने की भी मांग की. उनका आरोप है कि उनके पास एक साथ तीन विभागों की जिम्मेदारी है और वे मनमाने तरीके से काम कर रहे हैं, जिससे छात्रों की समस्याओं की अनदेखी हो रही है. बताया जा रहा है कि मीर तनवीर हसन मूल रूप से पश्चिम बंगाल के बर्धमान जिले का रहने वाला है. घटना की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है.
फिलहाल आरआईटी थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. सोमवार सुबह फिर से रेस्क्यू अभियान शुरू किए जाने की संभावना है. वहीं कॉलेज परिसर में छात्रों का धरना जारी है और कैंपस में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है.





