
सरायकेला: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सरायकेला- खरसावां जिला अध्यक्ष अनिल पासवान के नेतृत्व में पद्म भूषण स्वर्गीय रामविलास पासवान की 80वीं जयंती रविवार को उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई. इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके सामाजिक, राजनीतिक और जनसेवा से जुड़े योगदान को याद किया.


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय रामविलास पासवान ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में समाज के वंचित, गरीब और कमजोर वर्गों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाया. उनका जीवन संघर्ष, सामाजिक न्याय और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा है. उपस्थित लोगों ने उनके बताए आदर्शों और सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया.
इस दौरान झारखंड में लोक जनशक्ति पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने तथा संगठन को गांव-गांव तक विस्तार देने का भी संकल्प लिया गया. पार्टी नेताओं ने विशेष रूप से सरायकेला- खरसावां जिले में संगठन को मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया.
कार्यक्रम में युवा प्रदेश सचिव रितेश पासवान, जिला सचिव रवि सिंह, अध्यक्ष चित्रंजन, नगर सचिव राजा ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष सहदेव पासवान, युवा जिला उपाध्यक्ष अविनाश छोटेलाल पासवान, जिला महासचिव ऋतिक राम, रोशन पासवान, सरकार रंजीत शाह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे.
Edited By Sarita





