आदित्यपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित अर्थ एनक्लेव परियोजना को लेकर फ्लैट मालिकों और बिल्डर के बीच विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है. रविवार को अर्थ एनक्लेव के फ्लैट स्वामियों एवं निवासियों ने संयुक्त रूप से आरआईटी थाना पहुंचकर बिल्डर और उससे जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करते हुए आवेदन सौंपा.



फ्लैट मालिकों ने एम/एस ग्रीन वाटिका कंस्ट्रक्शंस प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अजय अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, सोनम अग्रवाल और सुमिता अग्रवाल समेत गौरव अग्रवाल, रोशन सिंह, शीतल खुल्लर एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
आवेदन में कहा गया है कि बिल्डर ने आकर्षक वादे और झूठे आश्वासनों के आधार पर फ्लैटों की बिक्री की, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी परियोजना पूरी नहीं की गई. खरीदारों को जिन मूलभूत सुविधाओं का वादा किया गया था, वे आज तक उपलब्ध नहीं कराई गई हैं. इसके अलावा निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं.
फ्लैट मालिकों का आरोप है कि लंबे समय से वे न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ. ऐसे में अब उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ विधिसम्मत प्राथमिकी दर्ज करने और दोषी पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
संयुक्त आवेदन में यह भी कहा गया है कि वर्षों से मानसिक, आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना कर रहे फ्लैट खरीदारों को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए प्रशासन प्रभावी कदम उठाए.
फिलहाल आरआईटी थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले का संज्ञान लिया है. आवेदन में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.





