
जमशेदपुर: आगामी मानसून और संभावित बाढ़ जैसी आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारी शुरू हो गई है. इसी कड़ी में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की पटना इकाई द्वारा डिमना लेक में पांच दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है.


इस प्रशिक्षण शिविर में सिविल डिफेंस के 72 छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं. प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य आपदा की स्थिति में सुरक्षित और प्रभावी रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने, बाढ़ में फंसे लोगों को बचाने तथा राहत कार्यों की व्यावहारिक जानकारी देना है. प्रशिक्षण में अधिकांश प्रतिभागी शहरी क्षेत्र के छात्र-छात्राएं हैं.
एनडीआरएफ की टीम प्रतिभागियों को लाइफ सेविंग तकनीक, रेस्क्यू उपकरणों का उपयोग, बाढ़ के दौरान सुरक्षित निकासी, प्राथमिक उपचार और अन्य आपदा प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं का व्यवहारिक प्रशिक्षण दे रही है, ताकि आपात स्थिति में वे लोगों की मदद कर सकें.
पटना एनडीआरएफ से पहुंचे सब इंस्पेक्टर प्रेम रंजन ने बताया कि इस प्रकार का प्रशिक्षण अभियान देश के विभिन्न हिस्सों में चलाया जा रहा है. इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को आपदा प्रबंधन के प्रति प्रशिक्षित और जागरूक बनाना है, ताकि किसी भी प्राकृतिक आपदा के समय जान-माल के नुकसान को कम किया जा सके.
उन्होंने सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों के साथ-साथ आम नागरिकों से भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की. उनका कहना था कि आपदा के समय प्रशिक्षित नागरिक भी राहत और बचाव कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं.


