
जमशेदपुर: उलीडीह थाना क्षेत्र के खड़िया बस्ती स्थित एक वाशिंग सेंटर में 3 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. आरोप बच्ची के पिता के सहकर्मी रामरतन पासवान पर लगा है.


पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी मूल रूप से बिहार का रहने वाला है. उलीडीह थाना प्रभारी ने जानकारी दी कि बच्ची के पिता और आरोपी रामरतन पासवान दोनों एक ही वॉशिंग सेंटर में काम करते हैं. घटना वाले दिन पिता अपनी 3 साल की बेटी को साथ लेकर वॉशिंग सेंटर गया था. इसी दौरान आरोपी ने मौका पाकर वॉशिंग सेंटर के कमरे में बच्ची के साथ गलत हरकत की.
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी रामरतन पासवान को हिरासत में ले लिया. बच्ची को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी और पीड़िता के पिता लंबे समय से एक साथ काम कर रहे थे. इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है. स्थानीय लोगों ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है. पुलिस ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. बच्ची की मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है.


