जामताड़ा/ Manish Baranwal नव पदस्थापित पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह ने जिले में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं. पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित बैठक में सभी थाना प्रभारी, पुलिस निरीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की गई.

बैठक में एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि थाना में आने वाले किसी भी फरियादी को किसी प्रकार की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित किया जाए. महिला अपराध, बच्चों के अपहरण और गुमशुदगी के मामलों में तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए.
उन्होंने कहा कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझें और पुलिस-पब्लिक के बीच बेहतर संबंध स्थापित करें. यदि किसी शिकायत में संज्ञेय अपराध पाया जाता है, तो बिना देरी के प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की जाए.
एसपी ने हत्या, लूट, डकैती, अपहरण, बलात्कार, पॉक्सो और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में जेल से छूटे अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया. महिला थाना प्रभारी को महिला संबंधित मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया. इसके अलावा नारायणपुर और करमाटाड़ थाना क्षेत्रों में साइबर अपराध पर विशेष ध्यान देने और इसमें संलिप्त अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए. बैठक में सभी थाना प्रभारियों से संसाधन और पुलिस बल की उपलब्धता की जानकारी ली गई और आवश्यकतानुसार उसकी पूर्ति के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया. साथ ही सभी को अपने-अपने क्षेत्रों में अपराध पर कड़ी निगरानी रखने और अवैध गतिविधियों पर पूर्ण रोक लगाने को कहा गया.

