जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धातकीडीह स्थित कुरैशी मुहल्ला में हुई फायरिंग मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. यह मामला सोमवार को दर्ज किया गया था, जिसमें जान मारने की नीयत से फायरिंग करने का आरोप था.

पुलिस के अनुसार वादी सरफराज कुरैशी उर्फ गामा के आवेदन पर कांड दर्ज कर जांच शुरू की गई थी. जांच के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर नामजद आरोपी मो. इमरान उर्फ गोरे और महफूज आलम को शहर छोड़कर भागने के दौरान गिरफ्तार किया गया.
पूछताछ में सामने आया कि वादी और मुख्य आरोपी के बीच पहले से आपसी रंजिश थी. घटना के एक दिन पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपी ने आज़ादनगर से हथियार लाकर फायरिंग की. पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी ऑटो पिस्टल, 7.65 एमएम की एक जिंदा गोली, एक खोखा और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है.
पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी इमरान उर्फ गोरे का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं. फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस अब मामले की गहन जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना में और कौन- कौन लोग शामिल थे.

