
जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित भालूबासा गोलचक्कर के पास गुरुवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) और जुस्को की संयुक्त टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से छह अवैध दुकानों को ध्वस्त कर दिया. कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही और कुछ समय के लिए तनाव का माहौल भी बना रहा.


जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी अजय नाथ ने वर्ष 2024 में अपने घर के सामने सरकारी जमीन पर संचालित दुकानों को लेकर अदालत का दरवाजा खटखटाया था. उन्होंने आरोप लगाया था कि अवैध अतिक्रमण के कारण उन्हें लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने अतिक्रमण हटाने का आदेश जारी किया.

कोर्ट के निर्देश के अनुपालन में गुरुवार को जेएनएसी, जुस्को और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से एक- एक कर छह अवैध दुकानों को हटाया गया. कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध जताया, लेकिन प्रशासन ने अदालत के आदेश का हवाला देते हुए अभियान जारी रखा.
जिन लोगों की दुकानें हटाई गईं, उनमें आशीष कुमार सोनकर, हरे कृष्णा पुथल, मनोज कुमार, संजय कुमार, शीतल और आरती शामिल हैं. प्रशासन ने कहा कि यह कार्रवाई अदालत के आदेश के तहत की गई है. साथ ही स्पष्ट किया गया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे.


