आदित्यपुर: इंडो डेनिश टूल रूम (आईडीटीआर) दरभंगा में ऑन ड्यूटी एक कर्मी की मौत के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है. इस घटना को लेकर प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए गए हैं. जानकारी के अनुसार आदित्यपुर से दरभंगा भेजे गए धीरज सिंह की कार्य के दौरान मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.

बताया जा रहा है कि भीषण गर्मी के बावजूद धीरज को कार्य के लिए दरभंगा स्थित इंडो डेनिश टूल रूम केंद्र भेजा गया था, जहां समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई.
आरोप है कि स्वास्थ्य बिगड़ने की सूचना देने के बावजूद प्रबंधन द्वारा समय पर कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई, जिससे स्थिति गंभीर होती गई और अंततः धीरज की मौत हो गई. इस पूरे मामले पर अखिल भारतीय ब्रह्मर्षी युवा मंच ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. मंच ने कहा कि यह कोई साधारण घटना नहीं, बल्कि गंभीर लापरवाही का मामला है. उन्होंने इसे सुनियोजित साजिश बताते हुए कहा कि एक कर्मठ युवा की जान चली गई है. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रबंधन ने इस मामले में संवेदनशीलता नहीं दिखाई और उचित कार्रवाई नहीं की, तो मंच व्यापक आंदोलन करेगा. साथ ही यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर प्रबंधन के खिलाफ जानबूझकर हत्या करवाने का मामला दर्ज कराने की दिशा में कदम उठाया जाएगा. फिलहाल इस घटना को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है और सभी की नजर प्रबंधन के अगले कदम पर टिकी हुई है.

