जमशेदपुर: घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी है. पार्टी ने एक बार फिर बाबूलाल सोरेन पर भरोसा जताया है.

बुधवार को भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद देशभर में होने वाले पांच उपचुनावों के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी की गई. भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने इसकी आधिकारिक घोषणा की.
घाटशिला सीट पर उपचुनाव 11 नवंबर को होना है. वहीं नामांकन की अंतिम तिथि 21 अक्टूबर तय की गई है. यह सीट पूर्व शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के आकस्मिक मौत के बाद खाली हुई थी.
भाजपा ने क्षेत्रीय समीकरणों और पिछले चुनाव के अनुभव को ध्यान में रखते हुए बाबूलाल सोरेन को फिर से मौका दिया है. पार्टी को उम्मीद है कि इस बार बाबूलाल सोरेन बेहतर प्रदर्शन करते हुए भाजपा के लिए घाटशिला सीट दोबारा जीतेंगे. घाटशिला का यह उपचुनाव झारखंड की राजनीति में बेहद अहम माना जा रहा है. यहां का नतीजा आने वाले विधानसभा चुनावों और पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन एवं उनके पुत्र बाबूलाल सोरेन के लिए सियासी संकेत भी तय करेगा.

