जामताड़ा: जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महेशमुंडा चेकपोस्ट पर एक स्कॉर्पियो से 434 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है. पुलिस ने मौके से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है. इनमें स्कॉर्पियो में सवार दो युवक और शराब की गाड़ी को सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराने के लिए आगे-आगे बाइक से रेकी कर रहा एक युवक शामिल है. पुलिस ने स्कॉर्पियो से दो अतिरिक्त नंबर प्लेट भी बरामद किए हैं, जिन पर एक ही नंबर अंकित था. इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है.


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को पुलिस अधीक्षक को अवैध शराब की तस्करी से संबंधित गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए छापामारी दल का गठन किया गया. इसके बाद निर्देशानुसार महेशमुंडा चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया. इसी दौरान बंगाल की ओर से आ रही स्कॉर्पियो संख्या WB40AR-1027 को रोककर तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई.
पांच ब्रांड की 434 बोतल शराब जब्त
पुलिस द्वारा जब्त शराब में इम्पीरियल ब्लू 750 एमएल की 240 बोतल, आइकोनिक व्हाइट 750 एमएल की 92 बोतल, ब्लेंडर्स प्राइड 650 एमएल की 36 बोतल, ऑफिसर्स च्वाइस 750 एमएल की 42 बोतल और स्नोकी 750 एमएल की 24 बोतल शामिल हैं. इस प्रकार कुल 434 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की गई.
बिहार और देवघर के तीन युवक गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से स्कॉर्पियो चालक अमित कुमार (29 वर्ष), निवासी मकदुमा रतनपुर, थाना अमरपुर, जिला बांका (बिहार) तथा चंदन कुमार (38 वर्ष), निवासी डूबौनी, थाना अमरपुर, जिला बांका (बिहार) को गिरफ्तार किया. वहीं, शराब लदी स्कॉर्पियो के आगे-आगे मोटरसाइकिल से रेकी कर रहे दयामय मंडल, निवासी बगदाहा, थाना खागा, जिला देवघर को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से WB38BD-4931 नंबर की मोटरसाइकिल जब्त की गई.
एक ही नंबर की दो अतिरिक्त प्लेट, मोबाइल और नकदी बरामद
वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस को दो अतिरिक्त नंबर प्लेट मिले, जिन पर JH15AC-4759 अंकित था. इसके अलावा आरोपितों के पास से तीन मोबाइल फोन और कुल 26,200 रुपये नकद बरामद किए गए.
अमित कुमार के पास से वीवो कंपनी का मोबाइल और 4,100 रुपये, चंदन कुमार के पास से वनप्लस कंपनी का मोबाइल और 2,100 रुपये तथा दयामय मंडल के पास से वीवो एवं एपल कंपनी के दो मोबाइल फोन और 20 हजार रुपये नकद जब्त किए गए.
थाना प्रभारी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
इस पूरी कार्रवाई में नाला थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक विकास यादव के नेतृत्व में गठित छापामारी दल शामिल था. दल में सहायक अवर निरीक्षक निताय कुमार दास, बलभद्र टुडू तथा आरक्षी कालेश्वर टुडू, रंजीत कुमार, श्रीनाथ सोरेन, शिव शंकर पांडेय और चौकीदार अक्षय माजी शामिल थे.
पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब की तस्करी के नेटवर्क पर महत्वपूर्ण चोट माना जा रहा है. खास बात यह है कि शराब की खेप के साथ-साथ कथित रूप से आगे चलकर रास्ते की रेकी करने वाले युवक को भी गिरफ्तार किया गया है. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

