आदित्यपुर. नगर निगम के वार्ड संख्या-5 के पूर्व पार्षद सिद्धनाथ सिंह की बड़ी पुत्री सिमरन कुमारी का महज 22 वर्ष की उम्र में शुक्रवार को निधन हो गया. उनके असामयिक निधन की खबर से परिवार के साथ पूरे गम्हरिया क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. शनिवार को पार्वती घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया.


तीन भाई- बहनों में सबसे बड़ी सिमरन बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी थीं. कोलकाता से मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी (MLT) की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने आदित्यपुर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज अस्पताल में लैब टेक्नोलॉजिस्ट के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी.
नौकरी के पांच दिन बाद ही बीमारी ने रोक दी जिंदगी की रफ्तार
परिजनों के अनुसार सिमरन ने अस्पताल में महज पांच दिनों तक काम किया था, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ी. जांच के दौरान उन्हें ब्लड कैंसर होने का पता चला. इसके बाद परिवार उन्हें बेहतर इलाज के लिए वेल्लोर ले गया, जहां करीब एक महीने तक उनका उपचार चला. तमाम प्रयासों के बावजूद शुक्रवार को उनका निधन हो गया.
कम उम्र में बेटी को खोने से पिता सिद्धनाथ सिंह समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. जिस बेटी ने पढ़ाई पूरी कर कुछ ही दिन पहले अपने पेशेवर जीवन की शुरुआत की थी, उसके अचानक चले जाने से परिचित और स्थानीय लोग भी स्तब्ध हैं.
अंतिम यात्रा में उमड़े लोग, नम आंखों से दी विदाई
शनिवार को सिमरन की अंतिम यात्रा निकाली गई और पार्वती घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया. अंतिम यात्रा में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, परिचितों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. सिमरन के निधन पर क्षेत्र के लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताई है.

