चांडिल: कपाली नगर परिषद क्षेत्र में बारिश के बाद जलजमाव की समस्या ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 17 में डाकघर के समीप सड़क पूरी तरह जलमग्न हो गई है. सड़क पर जमा पानी को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है, मानो सड़क नहीं बल्कि तालाब बन गया हो.



सबसे गंभीर स्थिति स्कूली बच्चों की है. बच्चे इसी जलमग्न सड़क से होकर स्कूल जाने को मजबूर हैं. कई बच्चे पानी में पैर डुबोकर सड़क पार करते नजर आ रहे हैं. जलजमाव के कारण बच्चों के कपड़े और जूते भीग रहे हैं. वहीं, सड़क की स्थिति को देखते हुए किसी अप्रिय घटना की आशंका भी बनी हुई है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश के मौसम में हर वर्ष इस इलाके में जलजमाव की समस्या उत्पन्न होती है. उचित जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा हो जाता है. कई दिनों तक पानी जमा रहने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मुख्य सड़क से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और अन्य लोग आवागमन करते हैं. सड़क पर पानी जमा रहने के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. लोगों का आरोप है कि वार्ड की इस गंभीर समस्या की जानकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को होने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं हुई है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि चुनाव के समय विकास और मूलभूत सुविधाओं को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन बारिश शुरू होते ही जमीनी हकीकत सामने आ जाती है. लोगों ने राज्य सरकार और संबंधित विभाग से वार्ड संख्या 17 समेत जलजमाव से प्रभावित अन्य इलाकों की समस्या का तत्काल समाधान कराने की मांग की है.
लोगों ने सड़क से पानी की निकासी के लिए नाला और जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त कराने के साथ सड़क की मरम्मत कराने की भी मांग की है, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो.
अब सवाल यह है कि जब स्कूल जाने वाले छोटे-छोटे बच्चे जलमग्न सड़क से होकर गुजरने को मजबूर हैं, तो इस समस्या का स्थायी समाधान कब होगा. स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि संबंधित विभाग और नगर परिषद प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक कदम उठाएगा.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक





