चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ प्रखंड स्थित दिग्गीलोटा गांव की अंजली हेम्ब्रम आज आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण की मिसाल बन चुकी हैं. कभी रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में मजदूरी करने को मजबूर रहीं अंजली ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर पहचान बनाई है. एकलव्य आवासीय विद्यालय के सामने लस्सी की दुकान से चर्चा में आईं अंजली ने अब अपने व्यवसाय का विस्तार करते हुए फास्ट फूड कार्ट की शुरुआत की है.



बुधवार को दोपहर करीब एक बजे जिला प्रशासन के सहयोग से अनुदान पर उपलब्ध कराए गए फास्ट फूड कार्ट का उद्घाटन मनोहरपुर विधायक जगत माझी ने फीता काटकर किया. अब अंजली अपने नए कार्ट में चाउमीन, मंचूरियन, आलू चॉप, चाय, लस्सी सहित विभिन्न फास्ट फूड व्यंजन ग्राहकों को उपलब्ध कराएंगी.

उद्घाटन के बाद विधायक जगत माझी ने अंजली के स्टॉल पर तैयार व्यंजनों का स्वाद लिया और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उन्हें डस्टबिन भी भेंट किया. इस अवसर पर उन्होंने अंजली की मेहनत और संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत से गांव में रहकर भी आत्मनिर्भर बना जा सकता है. उन्होंने कहा कि अंजली क्षेत्र की महिलाओं और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं. विधायक ने महिलाओं से स्वरोजगार अपनाकर आर्थिक रूप से सशक्त बनने का आह्वान करते हुए कहा कि बड़े सपने देखिए, उन सपनों को पंख लगाने का काम हम करेंगे.
अंजली हेम्ब्रम ने अपने इस सफर में सहयोग के लिए विधायक जगत माझी और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया. उन्होंने युवाओं और महिलाओं से अपील की कि रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर पलायन करने के बजाय अपने गांव में ही स्वरोजगार के नए अवसर तलाशें. उन्होंने कहा कि शुरुआत छोटी हो सकती है, लेकिन मेहनत और लगन से सफलता अवश्य मिलती है.
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले विधायक जगत माझी सोनुआ से लौटने के दौरान दिग्गीलोटा स्थित अंजली हेम्ब्रम की लस्सी दुकान पर रुके थे. वहां उन्होंने लस्सी का स्वाद लिया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. इसके बाद अंजली की दुकान लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गई और दूर-दूर से लोग उनकी लस्सी का स्वाद लेने पहुंचने लगे. बाद में सिंहभूम सांसद जोबा माझी, उपायुक्त मनीष कुमार सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भी उनकी दुकान पहुंचकर उनका उत्साहवर्धन किया.
इस अवसर पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सागर महतो, हेमंत सोरेन, डब्लू बानरा, अजय महाली, किशोर दास, दीपक माझी, अश्विनी महतो, भोला सुंडी, मनसा माझी, संजय जामुदा, रोशन दास, बबलू प्रधान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक.





