
चाईबासा: सोनुआ प्रखंड कार्यालय परिसर में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम को लेकर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम मंगलवार को संपन्न हो गया. प्रशिक्षण का उद्देश्य आगामी विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संचालित करना है.


प्रशिक्षण कार्यक्रम में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) जयप्रकाश नारायण मुख्य रूप से उपस्थित रहे. उन्होंने सभी बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
ईआरओ ने बताया कि 30 जून से 29 जुलाई तक विशेष अभियान चलाया जाएगा. इस दौरान सभी बीएलओ अपने-अपने बूथ क्षेत्र में घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण करेंगे तथा मतदाताओं से संबंधित आवश्यक जानकारी का संग्रह करेंगे. उन्होंने सभी कर्मियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और सटीकता के साथ कार्य पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन किया जा सके.
उन्होंने बीएलओ पर्यवेक्षकों को भी पुनरीक्षण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने और किसी भी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही नहीं होने देने के निर्देश दिए.
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ उरांव, प्रीती मांहांता, पर्यवेक्षक बंदीराम महतो, अर्थ भजन प्रधान, मानस कुमार त्रिपाठी, मनजीत कच्छप, अमितेश रंजन, राजीव रंजन, बिष्णु मिंज सहित सभी बूथों के बीएलओ उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक






