चाईबासा/ Jayant Pramanik सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे बैंक ऑफ़ बड़ौदा की चाईबासा शाखा के बाहर पेट्रोल पंप के दो कर्मचारियों के साथ बड़ी लूट की वारदात हुई. गांधी मैदान स्थित आईबीपी पेट्रोल पंप के मालिक पुनित सेठिया के कर्मचारी विमलेश कुमार और संजय नंदी 5 लाख रुपये लेकर बैंक में जमा करने जा रहे थे. जैसे ही दोनों बैंक के गेट के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए तीन अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया.

अपराधियों ने रिवॉल्वर की बट से प्रहार कर कर्मचारी विमलेश कुमार को घायल कर दिया और पिस्तौल की नोक पर पैसे लूटकर फरार हो गए. घटना स्थल भीड़भाड़ वाले इलाके में होने के बावजूद किसी ने अपराधियों को पकड़ने की कोशिश नहीं की. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.
सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी तरुण कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. घायल कर्मचारी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनके बयान पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई है.
देखें घटना का CCTV फुटेज

