चाईबासा: जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जीरो किमी के समीप मंगलवार देर शाम करीब सवा छह बजे यात्रियों से भरे एक टेंपो और बोलेरो के बीच सीधी टक्कर हो गई. इस हादसे में टेंपो चालक सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

घायलों की पहचान मथुरापोस निवासी 37 वर्षीय विद्याधर महतो और सब्जी विक्रेता 48 वर्षीय अलोमनी देवी के रूप में हुई है. घटना के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को इलाज के लिए मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया.
जानकारी के अनुसार, विद्याधर महतो मंगलवार को आनंदपुर में लगने वाली साप्ताहिक बाजार से यात्रियों को लेकर टेंपो से मथुरापोस लौट रहा था. इसी दौरान जीरो किमी के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो से टेंपो की सीधी टक्कर हो गई.
हादसे में टेंपो में सवार अलोमनी देवी और चालक विद्याधर महतो को गंभीर चोटें आई हैं. दोनों के सिर और पैर में गंभीर चोट लगने की पुष्टि हुई है. प्राथमिक इलाज के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.

