जामताड़ा/ Manish Baranwal रामनवमी के पावन अवसर पर जामताड़ा शहर पूरी तरह भक्तिमय रंग में रंगा नजर आया. इस मौके पर शहर के तीन प्रमुख स्थानों से भव्य शोभायात्राएं निकाली गईं, जिसमें श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा.

पहली शोभायात्रा हटिया रोड स्थित शिव मंदिर से, दूसरी नामपाड़ा हनुमान मंदिर से और तीसरी दुमका रोड स्थित शिव मंदिर से निकाली गई. तीनों स्थानों से निकले अखाड़ा दल पूरे शहर का भ्रमण करते हुए गांधी मैदान पहुंचे, जहां भव्य जमावड़ा हुआ.

शोभायात्रा के दौरान अखाड़ा समितियों के युवाओं ने पारंपरिक लाठी-डंडा खेल का शानदार प्रदर्शन किया. खिलाड़ियों ने अपने हैरतअंगेज करतब से लोगों को रोमांचित कर दिया. ढोल- नगाड़ों की गूंज और जय श्रीराम के नारों से पूरा माहौल गूंजायमान रहा.
गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे. महिलाओं और बच्चों की भी अच्छी-खासी भागीदारी देखने को मिली, जिससे आयोजन और भी आकर्षक बन गया. प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.
यह आयोजन जामताड़ा की धार्मिक आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक बनकर उभरा.

