जामताड़ा: कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के बराकर स्थित हनुमान चढ़ाई में शुक्रवार तड़के प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने उद्योगपति एवं जय श्री ग्रुप के मालिक सोनू अग्रवाल के भाई अनिल अग्रवाल के आवास पर छापेमारी की. पांच गाड़ियों में पहुंची ईडी की टीम ने सुबह करीब छह बजे से 11 बजे तक घर के अंदर तलाशी अभियान चलाया.


अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हलचल मच गई.
जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम जांच के सिलसिले में पांच गाड़ियों से अनिल अग्रवाल के आवास पहुंची थी. टीम में महिला अधिकारी के साथ केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान भी शामिल थे. छापेमारी के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. किसी भी बाहरी व्यक्ति को घर के आसपास आने-जाने की अनुमति नहीं दी जा रही थी.
सूत्रों के मुताबिक, जांच कई बिंदुओं पर केंद्रित रही. आय से अधिक संपत्ति और कथित अवैध कोयला कारोबार से जुड़े मामलों में सोनू अग्रवाल, लाला सहित कई लोगों के खिलाफ अदालत में मामले चलने की बात सामने आई है। ईडी की टीम इन मामलों से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तलाशी के दौरान पांच गाड़ियों में पहुंची टीम में से दो गाड़ियां करीब एक घंटे बाद वहां से निकल गईं, जबकि तीन गाड़ियां तलाशी अभियान के दौरान लगातार आवास के बाहर खड़ी रहीं. करीब पांच घंटे तक चली कार्रवाई के बाद इलाके में इस छापेमारी को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा. हालांकि, छापेमारी के दौरान ईडी को क्या-क्या मिला और किन दस्तावेजों या संपत्तियों की जांच की गई, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है. ईडी की ओर से भी कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

