जमशेदपुर: लौह नगरी जमशेदपुर के लिए यह गौरव का क्षण रहा, जब भारतीय मूल के पहले नौजवान समीर पांडे द्वारा ऑस्ट्रेलिया में लॉर्ड मेयर का पद हासिल करने पर शहर में भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया. सोनारी स्थित विजय गोल्डन टाउन ऑनर्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे.

इस अवसर पर राज्य कांग्रेस के नेता एवं एसोसिएशन के चेयरमैन राकेश तिवारी ने कहा कि समीर पांडे ने विदेश की धरती पर भारत का परचम लहराकर देश, झारखंड और जमशेदपुर का नाम रोशन किया है. उन्होंने बताया कि समीर पांडे के पिता शत्रुघ्न पांडे विजय गोल्डन टाउन सोसाइटी के निवासी हैं और उनकी इस उपलब्धि पर पूरी सोसाइटी स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रही है.
राकेश तिवारी ने कहा कि जमशेदपुर का यह नौजवान आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रहा है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है. उन्होंने समीर पांडे के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए देश और समाज का नाम और ऊंचा करने की शुभकामनाएं दीं.
कार्यक्रम में समीर पांडे को शॉल, फूलों का गुलदस्ता एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया. साथ ही झारखंड सरकार द्वारा टेक्निकल एजुकेशन के स्पेशल सेक्रेटरी के रूप में प्रोन्नत हुए शहर के पूर्व एडीसी सुनील कुमार का भी नागरिक अभिनंदन किया गया.
इस दौरान राकेश तिवारी ने कहा कि सुनील कुमार अपने सरल, मृदुभाषी और सौम्य स्वभाव के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने कहा कि अधिकारी पद पर रहते हुए भी सुनील कुमार कभी रौब नहीं दिखाते और सोसाइटी के सभी लोगों के साथ सामान्य व्यक्ति की तरह व्यवहार करते हैं, जो सराहनीय है.
कार्यक्रम में सोसाइटी अध्यक्ष आर. के. सिंह, वाइस चेयरमैन जे. पी. महतो, चार्टर्ड अकाउंटेंट शिशिर कुमार मिश्रा, रामचंद्र सिंह, सत्यनारायण नंदा, राजेश सिंह, अजीत कुमार सिन्हा, गोपाल हरलालका, सुशांतो चटराज, जंयतो गुहा, उमेश कुमार, परिमल दत्ता, एस. मुकटी, पूर्व एक्साइज कमिश्नर टी. एन. बराइक, पंकज वर्मा सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे.

