आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 20 में स्थित थाना रोड का सार्वजनिक शौचालय महीनों से बंद पड़ा है, जिसके कारण प्रतिदिन यहां आने वाले सैंकड़ो लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. पानी की आपूर्ति बंद होने और लंबे समय से मरम्मत न होने के कारण यह शौचालय पूरी तरह अनुपयोगी हो चुका है. स्थिति यह है कि घनी आबादी वाले इस इलाके में मौजूद महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय, स्वास्थ्य केंद्र और व्यस्त बाज़ार क्षेत्र होने के बावजूद लोगों के लिए मूलभूत सुविधा उपलब्ध नहीं है.

वार्ड 20 क्षेत्र में आदित्यपुर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (महिला प्रसव केंद्र), आदित्यपुर थाना, विद्युत विभाग कार्यालय, वन विभाग कार्यालय, तहसील कचहरी, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग कार्यालय, पथ निर्माण विभाग शाखा कार्यालय, जीआईडीए कार्यालय तथा आदित्यपुर रेलवे स्टेशन रोड जैसे महत्वपूर्ण संस्थान मौजूद हैं. इसके अलावा यहां प्रतिदिन लगने वाले दैनिक एवं साप्ताहिक हाट- बाज़ार के कारण आमजन की आवाजाही बेहद अधिक रहती है. बावजूद इसके सार्वजनिक शौचालय की उपेक्षा से लोगों, विशेषकर महिलाओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
कुछ दिन पहले नगर निगम द्वारा शौचालय को अतिक्रमण मुक्त कराया गया था, लेकिन नियमित रखरखाव और पानी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के चलते शौचालय फिर से बेकार स्थिति में पहुंच गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम को तत्काल इस मुद्दे पर ध्यान देते हुए शौचालय को चालू कराना चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके.

इस समस्या को लेकर पूर्व मेयर प्रत्याशी विशेष कुमार उर्फ बाबू तांती ने इसे गंभीर जनहित मुद्दा बताते हुए कहा कि वे जल्द ही आदित्यपुर नगर निगम के अपर आयुक्त को लिखित आवेदन सौंपेंगे. उन्होंने कहा कि सबसे अधिक परेशानी महिलाओं को हो रही है, जिन्हें किसी भी आपात स्थिति में शौचालय न होने के कारण असुविधा झेलनी पड़ रही है. उन्होंने नगर निगम प्रशासन से सार्वजनिक शौचालय की तत्काल मरम्मत, पानी की व्यवस्था और नियमित देखभाल सुनिश्चित करने की मांग की है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
