आदित्यपुर: सरायकेला जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम को एक रेंज रोवर कार और चेचिस वाहन की टक्कर होने की घटना सामने आई. जानकारी के अनुसार, टेल्को स्थित टाटा मोटर प्लांट से निकलकर आदित्यपुर के गुप्टर बॉडी बिल्डिंग के माध्यम से उड़ीसा रायगढ़ जा रही चेचिस वाहन को सुधा डेयरी मोड़ के पास रेंज रोवर कार ने टक्कर मार दी.

घटना के बाद रेंज रोवर चालक ने चेचिस ड्राइवर मोहम्मद राकीब से मारपीट की और वाहन की चाबी छीनकर फरार हो गया.
प्रत्यक्षदर्शियों और ड्राइवर के अनुसार, ग्रे रंग की रेंज रोवर (नंबर- 4545) अचानक चेचिस के बाईं ओर घुस गई. कार चालक ने मारपीट के दौरान कहा कि वह चाबी मेटल कंपनी से लेकर आएगा और उसके बाद वहां से चला गया.
ड्राइवर मोहम्मद राकीब, जो कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत डेमडुब्बी के रहने वाले हैं, अभी भी अपने वाहन के पास खड़े हैं और चाबी लौटने का इंतजार कर रहे हैं ताकि वे समय पर उड़ीसा रायगढ़ के लिए रवाना हो सकें.
राकीब ने घटना की पूरी जानकारी अपने ट्रांसपोर्टर को भी दे दी है. मामले की सूचना स्थानीय पुलिस फिलहाल नहीं दी गई है.

