आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai दिंदली विकास स्वावलंबी सहकारी समिति, आदित्यपुर के मुख्य कार्यपालक मनोज पासवान ने कृषि उत्पादन बाजार समिति के पणन सचिव एवं जिला प्रशासन को लिखित आवेदन सौंपा है. आवेदन में कहा गया है कि कुछ राजनीतिक दलों से जुड़े लोग और असामाजिक प्रवृत्ति के तत्व निजी स्वार्थ के कारण भयादोहन कर रहे हैं और सरकारी राजस्व वसूली को बाधित करने का प्रयास कर रहे हैं.

मनोज पासवान के अनुसार, कुछ ऐसे दुकानदार जो हाट क्षेत्र में अतिक्रमण कर स्थायी रूप से दुकान और गोदाम बनाकर बैठे हैं, वे ग्राउंड रेंट नहीं देना चाहते हैं. इसी कारण उनके द्वारा तरह-तरह के पत्राचार कर और अखबारों के माध्यम से आरोप लगाया जा रहा है कि हाट की जमीन बेची गई है और स्थायी दुकानदारों से 500 से 1500 रुपए मासिक तथा अस्थायी सब्जी दुकानदारों से 70 रुपए प्रतिदिन वसूले जाते हैं. साथ ही थाना रोड किनारे अतिक्रमण करवाने जैसे आरोप भी लगाए जा रहे हैं.
मुख्य कार्यपालक ने स्पष्ट किया है कि ये सभी आरोप निराधार हैं और समिति तथा उनके मान- सम्मान को ठेस पहुंचाने के उद्देश्य से लगाए जा रहे हैं.
उन्होंने मांग की है कि सभी बिंदुओं पर निष्पक्ष जांच कराई जाए कि आखिर किस हाट की जमीन बेची गई है, किन स्थायी दुकानदारों से 1500 रुपए की वसूली होती है और किन अस्थायी दुकानदारों से 70 रुपए प्रतिदिन लिया जाता है.
मनोज पासवान ने यह भी कहा है कि यदि जांच में वे या कोई अन्य व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उस पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए. गौरतलब है कि कृषि उत्पादन बाजार समिति के पत्रांक संख्या 76, दिनांक 27.03.2025 के तहत आदित्यपुर हाट में ग्राउंड रेंट वसूली हेतु दिंदली विकास स्वावलंबी सहकारी समिति, आदित्यपुर को प्राधिकृत किया गया है.

