
चाईबासा: सोनुआ में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया. कार्यक्रम का आयोजन पूर्व विधायक गुरुचरण नायक के आवास पर किया गया, जहां कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.


इस अवसर पर पूर्व विधायक सह चक्रधरपुर भाजपा अध्यक्ष गुरुचरण नायक ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का पूरा जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय स्वाभिमान के लिए समर्पित रहा. उनका बलिदान देशभक्ति, त्याग और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता रहेगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से डॉ. मुखर्जी के आदर्शों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया.
कार्यक्रम में जिला मीडिया प्रभारी केदारनाथ नायक, सुंदरलाल महतो, महामंत्री गणेश बंदिया, मुकेश महतो, विनय मेहता सहित भाजपा के कई नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक






