बोकारो: जरीडीह थाना क्षेत्र के जैनामोड़ फोरलेन चौक के पास कथित रूप से संचालित एक अवैध तेल डिपो में भीषण आग लगने से अफरा- तफरी मच गई. पेट्रोल, डीजल और एथेनॉल जैसे ज्वलनशील पदार्थ मौजूद होने के कारण आग ने भयावह रूप ले लिया. सूचना मिलने के बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.


जैनामोड़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय सिंह ने दावा किया कि आग में एक हजार लीटर से अधिक पेट्रोल, डीजल और एथेनॉल जल गया. उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक अवैध तेल डिपो संचालित हो रहे हैं, जहां पेट्रोलियम पदार्थों से लदे वाहनों से तेल निकालकर भंडारण करने और बाद में कम कीमत पर बेचने का काम होता है.
संजय सिंह ने पुलिस-प्रशासन की मिलीभगत का भी गंभीर आरोप लगाया है. हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है. यह जांच का विषय है कि संबंधित परिसर में कितना और किस प्रकार का पेट्रोलियम पदार्थ रखा गया था तथा उसके भंडारण के लिए आवश्यक अनुमति थी या नहीं.
चेंबर अध्यक्ष ने प्रशासन से भीड़भाड़ वाले इलाके में कथित रूप से संचालित ऐसे तेल डिपो की जांच कर कार्रवाई की मांग की है. आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का आधिकारिक आकलन भी सामने आना बाकी है.

