जामताड़ा: दीपावली के त्योहार को देखते हुए अगलगी की घटनाओं पर रोक लगाने और विद्यार्थियों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सावित्री देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, जामताड़ा में अग्निशमन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. जामताड़ा जिला अग्निशमन विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आग लगने के विभिन्न कारणों, उसके प्रकार और बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई.


जिला अग्निशमन पदाधिकारी सुधीर कुमार सिंह और उनके सहयोगी मंटू कुमार ने विद्यार्थियों को बताया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ और सतर्कता से काम लेना चाहिए. उन्होंने आग के अलग-अलग प्रकार के अनुसार इस्तेमाल किए जाने वाले अग्निशमन उपकरणों की जानकारी दी. साथ ही व्यावहारिक प्रदर्शन और मॉक ड्रिल के माध्यम से बताया कि आग लगने पर कौन-से कदम उठाने चाहिए और किन गलतियों से बचना चाहिए.
मौके पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ विजय कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी दुर्घटना के बाद उससे मुकाबला करना जरूरी है, लेकिन उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है कि ऐसी नौबत ही नहीं आने दी जाए. आग से होने वाली दुर्घटनाएं काफी भयावह होती हैं. दीपावली के दौरान घरों और प्रतिष्ठानों में रोशनी तथा आतिशबाजी के कारण अगलगी की आशंका बढ़ जाती है. ऐसे में सुरक्षा के प्रति पहले से सतर्क रहना, जरूरी उपकरणों की व्यवस्था करना और बचाव के उपाय अपनाना बेहद जरूरी है.
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक रहें और अपने परिवार के सदस्यों तथा आसपास के लोगों को भी आग से बचाव के उपायों की जानकारी दें. कार्यक्रम के सफल संचालन में क्रीड़ा शिक्षक अभिषेक दुबे और तपन यादव ने महत्वपूर्ण योगदान दिया.
रिपोर्ट: मनीष बरनवाल

