जमशेदपुर: साइबर अपराधियों को फर्जी तरीके से एक्टिवेट सिम कार्ड उपलब्ध कराने वाले कथित नेटवर्क का जमशेदपुर पुलिस ने खुलासा किया है. दूरसंचार विभाग से मिली सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने दो POS एजेंट और Jio कंपनी के एक कर्मचारी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.


सिटी एसपी ललित मीणा के अनुसार आरोपी सीधे-सादे और कम पढ़े-लिखे ग्राहकों की KYC प्रक्रिया का कथित रूप से दुरुपयोग करते थे. एक ग्राहक के दस्तावेज पर दो या उससे अधिक सिम एक्टिवेट किए जाते थे. आरोप है कि एक सिम ग्राहक को देने के बाद अतिरिक्त सिम पैसे लेकर साइबर अपराधियों तक पहुंचाए जाते थे.
पुलिस के मुताबिक ऐसे सिम का इस्तेमाल देश के अलग-अलग हिस्सों में वित्तीय धोखाधड़ी, बैंक फ्रॉड और अन्य साइबर अपराधों में किए जाने की जानकारी सामने आई है.
गिरफ्तार आरोपियों में बर्मामाइंस निवासी रौनक कुमार (19), गोलमुरी निवासी सन्नी कुमार साव (19) और टेल्को निवासी प्रकाश कुमार (33) शामिल हैं. पुलिस के अनुसार प्रकाश कुमार Jio कंपनी का कर्मचारी है. इनके पास से पांच मोबाइल फोन और नौ सिम कार्ड बरामद किए गए हैं.
इस संबंध में जमशेदपुर साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 109/2026 दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई गई है. पुलिस अब यह पता लगा रही है कि नेटवर्क ने अब तक कितने सिम अवैध तरीके से एक्टिवेट किए, वे किन लोगों तक पहुंचे और उनका इस्तेमाल किन-किन साइबर अपराधों में हुआ.

