दो यात्रियों के मोबाइल पर किया था हाथ साफ, एक मोबाइल बरामद; जीआरपी मधुपुर में मामला दर्ज


जामताड़ा: विद्यासागर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से यात्रियों का मोबाइल फोन चोरी कर भाग रहे एक आरोपी को आरपीएफ ने रंगेहाथ पकड़ लिया. पकड़े गए आरोपी की पहचान बादल अंसारी, निवासी मुरलीपहाड़ी, थाना मार्गोमुंडा, जिला देवघर के रूप में हुई है. उसके पास से चोरी का एक वीवो मोबाइल फोन बरामद किया गया है. वहीं, चोरी किया गया दूसरा सैमसंग मोबाइल फोन उसके साथी अताउल अंसारी के पास होने की बात सामने आई है. बरामद दोनों मोबाइल फोन की कुल कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है. रविवार सुबह करीब 9:30 बजे की है. आसनसोल-जसीडीह पैसेंजर ट्रेन संख्या 63561 विद्यासागर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पहुंची थी. इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवानों को स्टेशन पर चोर-चोर की आवाज सुनाई दी. आवाज सुनकर जवान तत्काल मौके पर पहुंचे तो देखा कि अखिल दत्ता नामक यात्री ने एक संदिग्ध युवक को पकड़ रखा है. अखिल दत्ता ने बताया कि ट्रेन से उतरने के दौरान उक्त युवक ने उनका वीवो मोबाइल फोन चोरी कर लिया था.
इसी बीच ट्रेन में सफर कर रहे एक अन्य यात्री मंसूर आलम ने भी आरोपी पर अपना सैमसंग मोबाइल चोरी करने का आरोप लगाया. आरपीएफ की जांच के दौरान पकड़े गए युवक बादल अंसारी के पास से वीवो मोबाइल बरामद हुआ. पूछताछ में आरोपी ने दोनों यात्रियों के मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की. उसने बताया कि सैमसंग मोबाइल उसने अपने साथी अताउल अंसारी को दे दिया है. इसके बाद आरपीएफ ने आरोपी को अगली ट्रेन से जीआरपी मधुपुर पहुंचाया. जीआरपी ने बरामद मोबाइल जब्त करते हुए आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अपने कब्जे में ले लिया. मामले में अखिल दत्ता की लिखित शिकायत पर जीआरपी मधुपुर ने कांड संख्या 71/26, दिनांक 01.11.2026 के तहत बादल अंसारी और उसके साथी अताउल अंसारी के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(c), 317(2) एवं 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार साथी की तलाश में जुटी है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

