सरायकेला: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JHTET-2026) को लेकर जिला उद्योग केंद्र, चाईबासा ने यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण पहल की है. जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक ने 1 नवंबर 2026 को होने वाली परीक्षा के मद्देनजर सरायकेला- खरसावां जिले की 18 औद्योगिक इकाइयों को पत्र भेजकर निर्धारित अवधि में भारी वाहनों का परिचालन रोकने का अनुरोध किया है.


जारी पत्र के अनुसार JHTET परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक निर्धारित है. परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में जाम का सामना न करना पड़े, इसके लिए औद्योगिक इकाइयों से सुबह 9 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक अपनी इकाइयों से संचालित भारी वाहनों का आवागमन नियंत्रित रखने को कहा गया है.
इस संबंध में एसआर रुंगटा स्टील, रामकृष्णा फोर्जिंग, श्री झारखंड सीमेंट प्लांट, अमलगम स्टील, आधुनिक पावर एंड नेचुरल रिसोर्सेज, टाटा स्टील, मेटलसा इंडिया, ओसीएल आयरन एंड स्टील्स, आरएसबी ट्रांसमिशन, ऑटो प्रोफाइल, बीएमडब्ल्यू इंडस्ट्रीज, जमना ऑटो इंडस्ट्रीज और ब्रेक्स इंडिया समेत कुल 18 औद्योगिक इकाइयों को पत्र भेजा गया है.
जिला उद्योग केंद्र की इस पहल का उद्देश्य भारी वाहनों के कारण संभावित जाम को कम करना और अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में सहूलियत प्रदान करना है.

