सरायकेला: फुटबॉल के रोमांच, खिलाड़ियों के उत्साह और खेल प्रेमियों के जोश के बीच दो दिवसीय चंपई कप लाख टकिया फुटबॉल प्रतियोगिता का शनिवार को रंगारंग शुभारंभ हुआ. प्रतियोगिता में कुल 40 टीमें मैदान में उतर रही हैं. जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा और जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने संयुक्त रूप से प्रतियोगिता का उद्घाटन किया.


उद्घाटन समारोह में अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया और फुटबॉल पर किक मारकर मुकाबलों का विधिवत शुभारंभ किया. आयोजकों ने खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन और आपसी भाईचारे के साथ मैदान में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की अपील की.
विजेता को मिलेंगे डेढ़ लाख रुपये
मुख्य प्रतियोगिता की विजेता टीम को 1.50 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा. वहीं 40 प्लस पुरुष वर्ग की विजेता टीम को 50 हजार रुपये और महिला वर्ग की विजेता टीम को 15 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा.
जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि चंपई कप ग्रामीण क्षेत्र की छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने का बेहतर मंच है. गांवों के प्रतिभावान खिलाड़ियों को अवसर और प्रोत्साहन देकर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना आयोजन का उद्देश्य है.
जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने कहा कि झारखंड के गांव-गांव में प्रतिभावान फुटबॉल खिलाड़ी मौजूद हैं. ऐसी प्रतियोगिताएं युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ एकता, भाईचारा और अनुशासन की भावना को मजबूत करती हैं. उन्होंने महिला खिलाड़ियों की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया.
प्रतियोगिता के समापन समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री एवं सरायकेला विधायक चंपई सोरेन मुख्य रूप से शामिल होंगे और विजेता टीमों को पुरस्कृत करेंगे. दो दिनों तक चलने वाले मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों के साथ फुटबॉल प्रेमियों में भी खासा उत्साह है.
प्रमोद सिंह (संपादक)

