जामताड़ा: विश्व शांति, पर्यावरण शुद्धि और समाज कल्याण की कामना को लेकर जामताड़ा आर्ट ऑफ लिविंग परिवार की ओर से भव्य सामूहिक महा रुद्राभिषेक का आयोजन किया जा रहा है. 21 अगस्त 2026 की शाम 5 बजे से न्यू टाउन स्थित बीएसएनएल गली के इंदु प्रभा हाउस में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यह विशेष आध्यात्मिक अनुष्ठान संपन्न होगा. आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है.


कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण आर्ट ऑफ लिविंग के बेंगलुरु स्थित इंटरनेशनल आश्रम से स्वामी अरुण जी और प्रख्यात वेदाचार्यों का जामताड़ा आगमन होगा. वेदाचार्यों के मुख से गूंजते वैदिक मंत्रों के बीच रुद्राभिषेक वैदिक रीति-रिवाज से संपन्न कराया जाएगा.
आर्ट ऑफ लिविंग जामताड़ा के जिला मीडिया कोऑर्डिनेटर विजय भगत ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सामूहिक रुद्रपूजा का आयोजन व्यापक स्तर पर किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि रुद्रपूजा को केवल व्यक्तिगत लाभ तक सीमित नहीं माना जाता है, बल्कि इसके माध्यम से समाज, परिवार और पर्यावरण के प्रति सकारात्मक चेतना का प्रसार करने का प्रयास किया जाता है. उन्होंने श्रद्धालुओं से पूजा के दौरान पूर्ण श्रद्धा और ध्यान के साथ शामिल होने की अपील की.
आयोजकों के अनुसार, रुद्रपूजा में गणपति, शिव, विष्णु, सूर्य, शक्ति और गुरुतत्व सहित छह दिव्य शक्तियों का सामूहिक रूप से पूजन किया जाता है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस अनुष्ठान से पितृ दोष, ग्रह दोष, वास्तु दोष और कर्म दोष के प्रभाव को कम करने तथा सत्वगुण और प्राणशक्ति को बढ़ाने में सहायता मिलती है.
विजय भगत ने बताया कि रुद्राभिषेक की प्राचीन परंपरा में संकल्प का विशेष महत्व है. श्रद्धालु अपनी मनोकामना और सकारात्मक संकल्प के साथ पूजा में शामिल होते हैं. आयोजकों का मानना है कि श्रद्धा, विश्वास और भक्ति के साथ किया गया संकल्प व्यक्ति को मानसिक और आध्यात्मिक रूप से मजबूत करने में सहायक होता है.
आर्ट ऑफ लिविंग परिवार के सदस्य आयोजन को सफल बनाने और अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने में जुटे हैं. विजय भगत ने जामताड़ा और आसपास के शिव भक्तों से महा रुद्राभिषेक में शामिल होकर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव करने और धर्मलाभ लेने की अपील की है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

