जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर कानगोई में बुधवार की रात हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. दुकानदार राजू प्रसाद (45 वर्ष) के अनुसार, वह अपनी दुकान के काउंटर पर बैठे थे, तभी बाइक पर सवार दो नकाबपोश युवक वहां पहुंचे. बाइक चला रहा युवक हेलमेट पहने था, जबकि पीछे बैठा युवक गमछे से मुंह ढके हुए था. अपराधियों ने आते ही दुकान के शीशे पर ताबड़तोड़ दो राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए. इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन दुकान का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया.


घटना के बाद मिहिजाम थाना में कांड संख्या 13/26 दिनांक 02/04/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने BNS की धारा 109/3(5) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
इस मामले की जांच सब इंस्पेक्टर किशन कुमार को सौंपी गई है. वहीं थाना प्रभारी विवेकानंद दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस का कहना है कि आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.



