आदित्यपुर: डीवीसी मोड़ क्षेत्र के तीन खाद्य प्रतिष्ठानों में शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने औचक निरीक्षण किया. जांच के दौरान एक कैफे में एक्सपायर्ड ब्रेड और डार्क चॉकलेट के साथ फफूंदयुक्त फूलगोभी एवं संदिग्ध मिलावटी पनीर मिलने की बात सामने आई.


खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी रितेश कुमार ने कोलकाता एम्पायर रेस्टोरेंट, चाय चाय कैफे एंड फूडिंग और द 90s एरा रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया. इस दौरान चाय चाय कैफे एंड फूडिंग में करीब दो किलो संदिग्ध मिलावटी पनीर, एक्सपायर्ड डार्क चॉकलेट के दो पैकेट, एक्सपायर्ड ब्रेड के पांच पैकेट और करीब पांच किलो फफूंदयुक्त फूलगोभी मिली. इन खाद्य सामग्रियों को मौके पर ही नष्ट कराया गया. संचालक से भविष्य में ऐसी अनियमितता नहीं दोहराने का स्वघोषणा पत्र भी लिया गया.
निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में पेयजल जांच रिपोर्ट और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं मिले. संचालकों को सात दिनों के भीतर कमियां दूर करने और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है.
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने बताया कि निर्धारित अवधि के बाद दोबारा जांच की जाएगी. खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

