आदित्यपुर: रंगदारी मांगने के मामले में आदित्यपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. गिरफ्तार आरोपियों में राहुल कुमार पंडित, शिवा कुमार, आकाश सिंह, जुलू माली और मुकेश केवट शामिल हैं.


पुलिस के अनुसार प्रगति नगर, गम्हरिया रेलवे स्टेशन के समीप रहने वाले विकास पोद्दार, पिता विश्वनाथ पोद्दार ने बुधवार को लिखित शिकायत देकर पांचों पर रंगदारी मांगने का आरोप लगाया था. शिकायत के आधार पर आदित्यपुर थाना कांड संख्या 308/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया.
पुलिस का दावा है कि बुधवार शाम करीब 8 बजे राहुल पंडित और उसके साथियों ने पुलिस को सूचना दी थी कि सालडीह चौक के पास कुछ लोगों ने उन पर जानलेवा हमला किया है. पुलिस ने सूचना का सत्यापन किया तो मामला संदिग्ध पाया गया. पुलिस के मुताबिक पांचों ने रंगदारी के मामले से बचने के उद्देश्य से हमले की झूठी सूचना दी थी. अनुसंधान के दौरान पुलिस ने पांचों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. पुलिस के अनुसार राहुल पंडित करीब दस दिन पूर्व ही जेल से बाहर आया था और पूर्व के कई मामलों में उसके खिलाफ आरोपपत्र समर्पित किया जा चुका है.

