हजारीबाग: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने हजारीबाग में कार्रवाई करते हुए केरेडारी प्रखंड की कराली पंचायत के पंचायत सचिव तालेश्वर राम को कथित तौर पर 9 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम आरोपी पंचायत सचिव से पूछताछ के साथ आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है.


मिली जानकारी के अनुसार सड़क निर्माण कार्य की बकाया राशि का भुगतान कराने के एवज में पंचायत सचिव पर संबंधित व्यक्ति से रिश्वत मांगने का आरोप है. रिश्वत की मांग से परेशान शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना एसीबी को दी.
बताया जा रहा है कि शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पहले आरोपों का सत्यापन किया. सत्यापन में शिकायत प्रथमदृष्टया सही पाए जाने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की. इसी दौरान पंचायत सचिव तालेश्वर राम को कथित तौर पर 9 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया गया.
एसीबी की कार्रवाई के बाद संबंधित सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया. टीम अब मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है. आगे की कानूनी कार्रवाई के बाद मामले से संबंधित अन्य जानकारी सामने आने की संभावना है.

