जामताड़ा: लगातार हो रही बारिश के कारण अजय नदी समेत क्षेत्र के जलस्रोत उफान पर हैं. इसी बीच गुरुवार को नाला प्रखंड के पाथरघाटा घाट के समीप अजय नदी के तेज बहाव में एक अज्ञात व्यक्ति बहता हुआ मिला. नदी किनारे मवेशी चरा रहे ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने व्यक्ति को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नाला में भर्ती कराया.


पत्थरघाटा के ग्राम प्रधान दीनू दास ने बताया कि घटना गुरुवार दोपहर करीब ढाई से तीन बजे के बीच की है. गांव के कुछ लोग नदी किनारे मवेशी चरा रहे थे. इसी दौरान उनकी नजर बाढ़ के पानी में बह रहे एक व्यक्ति पर पड़ी. इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल एकजुट होकर बचाव अभियान शुरू किया और तेज बहाव के बीच नदी में उतरकर व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात व्यक्ति को इलाज के लिए नाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. पुलिस अवर निरीक्षक हेमकांत ठाकुर ने बताया कि व्यक्ति फिलहाल कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है. उसकी पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है.
ग्रामीणों की मानवता की हो रही सराहना
अजय नदी के तेज बहाव और बाढ़ के पानी के बीच ग्रामीणों ने अपनी जान की परवाह किए बिना व्यक्ति को बचाकर मानवता की मिसाल पेश की. समय रहते ग्रामीणों की नजर पड़ने से उसकी जान बच सकी. बचाव कार्य में ग्राम प्रधान दीनू दास के अलावा कोकिल दास, दयाल दास, जनता दास समेत अन्य ग्रामीणों ने सहयोग किया. वहीं, पुलिस की तत्परता से व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

