चांडिल: कुकड़ू प्रखंड के पारगामा में विराट पारंपरिक झारखंडी इंद मेला एवं झूमर संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में ईचागढ़ विधायक सविता महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं. उन्होंने फीता काटकर मेले का विधिवत शुभारंभ किया. इसके बाद पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन और झूमर गीत- संगीत की प्रस्तुतियों से पूरा मेला परिसर उत्सव के रंग में रंग गया.


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सविता महतो ने कहा कि झारखंड की पहचान यहां की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और लोक कलाओं से है. इंद मेला और झूमर जैसे पारंपरिक आयोजन सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का काम करते हैं. उन्होंने ऐसे आयोजनों को निरंतर बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई.
झूमर संगीत बना आकर्षण का केंद्र
मेले में झूमर संगीत की प्रस्तुति लोगों के आकर्षण का केंद्र रही. पारंपरिक गीत- संगीत पर बड़ी संख्या में मेला प्रेमी झूमते नजर आए. ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने मेले और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लिया.

इस अवसर पर झामुमो जिला अध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो, केंद्रीय सदस्य ओम प्रकाश लायेक व काबलू महतो, इंद्रजीत महतो, संजय महतो, कित्तीवास महतो, सपन महतो, गुणाधर महतो, युधिष्ठिर मांझी, झूलन कुम्हार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, कार्यकर्ता और मेला प्रेमी मौजूद थे.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

