सरायकेला: थाना क्षेत्र के छोटा टांगरानी गांव से 25 वर्षीय युवक विकास साहू के लापता होने का मामला सामने आया है. शनिवार सुबह घर से निकला विकास वापस नहीं लौटा. परिजन तीन दिनों से उसकी तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिलने से परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है.


मिली जानकारी के अनुसार छोटा टांगरानी निवासी सुकरा साहू का 25 वर्षीय पुत्र विकास साहू 19 सितंबर की सुबह करीब छह बजे घर से निकला था. परिजनों के मुताबिक विकास ने अपने पिता से कहा था कि उसका पैसा कहीं गिर गया है और वह उसे खोजने जा रहा है. इसके बाद वह घर नहीं लौटा.
काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. आसपास के इलाकों के साथ रिश्तेदारों और परिचितों से भी संपर्क किया गया, लेकिन विकास के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली.
पिता ने थाने में लगाई गुहार
लगातार खोजबीन के बावजूद बेटे का पता नहीं चलने पर पिता सुकरा साहू ने सरायकेला थाना में लिखित आवेदन देकर उसकी तलाश और सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है.
आवेदन के अनुसार विकास की लंबाई करीब 5 फीट 7 इंच है. रंग गोरा और शरीर दुबला- पतला है तथा बाल काले हैं. घर से निकलते समय उसने सफेद शर्ट, नीली जींस और हवाई चप्पल पहन रखी थी. उसके पास सुनहरे रंग का एक गमछा भी था, जिस पर नारंगी रंग की धारियां हैं. परिजनों को उम्मीद है कि पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से विकास का जल्द पता चल सकेगा.
प्रमोद सिंह (संपादक)

