जमशेदपुर: जमशेदपुर और सरायकेला- खरसावां जिले की सीमा का फायदा उठाकर पुलिस से बचने की कोशिश करने वाले अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए दोनों जिलों की पुलिस ने संयुक्त रणनीति तैयार की है. शुक्रवार को जमशेदपुर SSP कार्यालय सभागार में आयोजित अंतरजिला पुलिस मीटिंग में अपराध नियंत्रण, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और दोनों जिलों के बीच सूचनाओं के त्वरित आदान- प्रदान को लेकर विस्तार से चर्चा हुई.


बैठक में जमशेदपुर एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारीब, सरायकेला- खरसावां एसपी मनोज स्वर्गीयारी, जमशेदपुर सिटी एसपी ललित मीणा सहित दोनों जिलों के डीएसपी स्तर के अधिकारी मौजूद रहे.
तड़ीपार अपराधियों पर विशेष निगरानी
बैठक में तड़ीपार अपराधियों की गतिविधियों की निगरानी पर विशेष जोर दिया गया. जमशेदपुर और सरायकेला- खरसावां की सीमाएं कई स्थानों पर आपस में जुड़ी हैं. ऐसे में एक जिले में अपराध करने के बाद दूसरे जिले में छिपने अथवा वहां से आपराधिक गतिविधियां संचालित करने वाले अपराधियों की जानकारी तत्काल साझा करने की रणनीति पर चर्चा हुई.
दोनों जिलों की पुलिस अपराधियों और वांछित आरोपियों से संबंधित सूचनाओं का आपस में आदान- प्रदान करेगी, ताकि सीमा क्षेत्र का फायदा उठाकर फरार होने वाले आरोपियों के खिलाफ तेजी से कार्रवाई की जा सके.
थाना प्रभारी और DSP स्तर पर भी होगा समन्वय
अंतरजिला समन्वय को केवल वरीय अधिकारियों की बैठकों तक सीमित नहीं रखने पर भी सहमति बनी. आने वाले दिनों में थाना प्रभारी और DSP स्तर पर समय-समय पर अंतरजिला बैठकें आयोजित करने की बात कही गई है. इन बैठकों के जरिए सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों, तड़ीपार एवं फरार आरोपियों की गतिविधियों से संबंधित सूचनाएं साझा की जाएंगी. इसका उद्देश्य दोनों जिलों की पुलिस के बीच समन्वय बढ़ाकर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई को अधिक प्रभावी बनाना है.

