सरायकेला/ धनबाद: सरायकेला- खरसावां के चर्चित निखार सबलोक हत्याकांड में वांछित बताए जा रहे शूटर सागर सिंह उर्फ शिबू को धनबाद के निरसा थाना क्षेत्र में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में गोली लगी है. उसके दोनों पैरों में गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है. घटना की पुष्टि धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने की है.


एसएसपी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर का रहने वाला सागर उर्फ शिबू किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के इरादे से निरसा पहुंचा है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम गठित कर इलाके में छापेमारी अभियान शुरू किया गया. अभियान का नेतृत्व निरसा एसडीपीओ लिलेश्वर महतो कर रहे थे.
आनंद वाटिका के समीप हुई मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक छापेमारी के दौरान हाथबाड़ी स्थित आनंद वाटिका के समीप सागर और पुलिस टीम के बीच मुठभेड़ हो गई. इस दौरान पुलिस की गोली उसके दोनों पैरों में लगी. घायल होने के बाद उसे पुलिस ने कब्जे में लेकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.
एसएसपी प्रभात कुमार के मुताबिक सागर वर्ष 2017 में धनबाद में हुए पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड का भी आरोपी रहा है. पुलिस ने उसे जमशेदपुर क्षेत्र में हुए एक हत्याकांड में भी वांछित बताया है.
निखार सबलोक हत्याकांड से जुड़ाव की होगी जांच
सागर सिंह उर्फ शिबू का नाम सरायकेला-खरसावां के चांडिल थाना क्षेत्र स्थित 10th Mile Stone Hotel में हुए निखार सबलोक हत्याकांड से भी जुड़ा है. इस मामले में उसकी भूमिका और उससे जुड़े अन्य आरोपों को लेकर पुलिस की आगे की जांच महत्वपूर्ण होगी.
फिलहाल धनबाद पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सागर निरसा में किस कथित बड़ी वारदात को अंजाम देने पहुंचा था, उसके साथ और कौन लोग जुड़े थे तथा उसके पास से क्या बरामदगी हुई है. मामले में पुलिस की विस्तृत जांच जारी है.

