जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के रहड़गोड़ा में बुधवार सुबह एक राशन दुकानदार पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. हमले में दुकानदार प्रकाश कुमार घायल हो गए. परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.


मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को रहड़गोड़ा निवासी सिद्धनाथ सिंह के घर में कथित रूप से चोरी करने के प्रयास के दौरान करण कामत उर्फ कटप्पा को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया था. इसके बाद लोगों ने उसके साथ मारपीट की और परसुडीह पुलिस के हवाले कर दिया. मामले को लेकर थाने में शिकायत भी किए जाने की बात सामने आई है.
रात में छोड़ा, सुबह कुल्हाड़ी से हमले का आरोप
स्थानीय लोगों और घायल पक्ष का आरोप है कि पुलिस ने मंगलवार रात करण कामत को थाने से छोड़ दिया. आरोप है कि बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे करण ने राशन दुकानदार प्रकाश कुमार पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. कुल्हाड़ी का वार उनकी पीठ पर लगा, जिससे वह घायल हो गए.
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया. लोगों का कहना है कि यदि चोरी के मामले में पकड़े गए आरोपी के खिलाफ समय रहते उचित कानूनी कार्रवाई होती तो बुधवार की घटना को टाला जा सकता था. घायल प्रकाश कुमार ने करण कामत पर रहड़गोड़ा, बड़ीगोड़ा और जोजोबेड़ा क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में शामिल रहने का आरोप लगाया है. हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र अथवा पुलिस स्तर पर पुष्टि अभी सामने नहीं आई है.
मुखिया ने भी लगाए आरोप
स्थानीय मुखिया हेमंत खलको के अनुसार छह मई को सिद्धनाथ सिंह के घर से नकदी और सोने के गहने चोरी होने की घटना सामने आई थी. उनका आरोप है कि मंगलवार को उसी घर में दोबारा चोरी के प्रयास के दौरान करण कामत को परिवार के सदस्यों ने पकड़ लिया था. फिलहाल प्रकाश कुमार का इलाज कराया गया है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है. आरोपी के खिलाफ शिकायत के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.
वहीं इस घटनाक्रम के बाद सबसे बड़ा सवाल आरोपी को कथित रूप से थाने से छोड़े जाने को लेकर उठ रहा है. पुलिस ने उसे किन परिस्थितियों और किस कानूनी आधार पर छोड़ा था, इस संबंध में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

