गम्हरिया: टाटा स्टील गम्हरिया के कर्मचारी सेवा विभाग की ओर से टाटा स्टील गम्हरिया आवासीय परिसर के निवासियों के साथ कस्टमर कॉन्टैक्ट प्रोग्राम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य आवासीय परिसर में रहने वाले लोगों की समस्याओं, सुझावों और आवश्यकताओं को सीधे समझना था. कार्यक्रम में करीब 200 निवासी शामिल हुए.


कार्यक्रम में टाटा स्टील गम्हरिया के चीफ रंजन कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और बैठक की अध्यक्षता की. इस दौरान TSUISL के जीएम रवींद्र कुमार सिंह, कर्मचारी सेवा विभाग के प्रमुख प्रमोद कुमार तथा होमेज टोडीवाला ने भी उपस्थित लोगों को संबोधित किया.
बैठक के दौरान निवासियों ने आवासीय परिसर में बढ़ती चोरी की घटनाओं, असामाजिक तत्वों की बढ़ती आवाजाही, पानी की कमी, पूरे टाउनशिप में प्रकाश व्यवस्था में सुधार तथा आवासीय घरों में सीपेज की समस्या सहित कई मुद्दे उठाए.
कार्यक्रम में निवासियों को अपनी समस्याएं और सुझाव रखने के लिए खुला मंच उपलब्ध कराया गया. वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारी सेवा विभाग की टीम ने समस्याओं को सीधे सुना तथा टाउनशिप में सुरक्षा, आवश्यक सेवाओं और रहन-सहन की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक उपायों पर चर्चा की.
कार्यक्रम के माध्यम से प्रबंधन और निवासियों के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ तथा आवासीय परिसर की समस्याओं के समाधान की दिशा में चर्चा हुई.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

