सरायकेला: अवैध शराब के विनिर्माण एवं बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए खरसावां थाना क्षेत्र के मधुसाई गांव में एक अवैध चुलाई अड्डे को ध्वस्त किया. उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं अधीक्षक उत्पाद के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में 5,000 किलो जावा महुआ और 40 लीटर महुआ चुलाई शराब बरामद की गई.


छापेमारी के दौरान बरामद अवैध उत्पाद को विधिवत जब्त कर लिया गया. वहीं, चुलाई अड्डा संचालक के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग द्वारा लगातार छापेमारी और कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने आम लोगों से अवैध शराब का सेवन नहीं करने तथा इसके निर्माण और बिक्री को बढ़ावा नहीं देने की अपील की.
उन्होंने कहा कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर स्थानीय प्रशासन या उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना दें. सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी. उपायुक्त ने कहा कि अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आमजनों का सहयोग महत्वपूर्ण है.
गुप्त सूचना के लिए संपर्क नंबर
सरायकेला एवं चांडिल क्षेत्र: +91 96316 85811
आदित्यपुर अंचल क्षेत्र: +91 90313 80385
प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि अवैध शराब के विनिर्माण, भंडारण या बिक्री की सूचना तत्काल संबंधित नंबरों पर दें, ताकि नियमानुसार कार्रवाई की जा सके.

