चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत हिम्मत नगर में मंगलवार को एक महिला अकेले भटकती मिली. काफी देर तक महिला को इधर-उधर भटकते देख स्थानीय लोगों ने उसकी मदद करने का प्रयास किया और मामले की जानकारी कपाली ओपी पुलिस को दी.


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित अपने साथ कपाली ओपी ले आई. पुलिस के अनुसार महिला बोलने और सुनने में असमर्थ है, जिसके कारण उसकी पहचान करना चुनौती बना हुआ है. वह अपना नाम, पता या परिवार के संबंध में जानकारी नहीं दे पा रही है.
परिजनों की तलाश में जुटी पुलिस
कपाली पुलिस महिला की पहचान कर उसके परिजनों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है. फिलहाल महिला को सुरक्षित रखा गया है. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति महिला को पहचानता है या उसके घर, परिवार अथवा रिश्तेदारों के संबंध में जानकारी रखता है तो तत्काल कपाली ओपी पुलिस को सूचित करे. यदि किसी परिवार की महिला लापता है और हुलिया मिलता-जुलता है तो वे भी पुलिस से संपर्क कर पहचान सुनिश्चित कर सकते हैं. पुलिस का कहना है कि पहचान सुनिश्चित होने और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद महिला को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

