सरायकेला: समाहरणालय में मंगलवार को उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित किया गया. जिले के विभिन्न प्रखंडों और अंचलों से पहुंचे लोगों ने राशन कार्ड, पेंशन, जमीन विवाद, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं से संबंधित आवेदन उपायुक्त के समक्ष रखे.


जनता दरबार में चांडिल अनुमंडल के कुकड़ू, नीमडीह, ईचागढ़ और चांडिल प्रखंड के विभिन्न गांवों से ग्रामीण क्षेत्र के महादलित परिवारों से जुड़े आवेदन प्रमुख रूप से सामने आए. आवेदकों ने राशन कार्ड की जांच कर पात्र परिवारों का नाम जोड़ने और उन्हें संबंधित राशन योजना से आच्छादित करने की मांग की.
राशन कार्ड से कटे नाम और पेंशन की शिकायतें भी पहुंचीं
कई ऐसे परिवारों ने भी आवेदन दिया, जिनका नाम राशन कार्ड से विलोपित होने के कारण उन्हें राशन योजना का लाभ नहीं मिल रहा है. उपायुक्त ने ऐसे मामलों की नियमानुसार जांच कर पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाने का निर्देश दिया.
पेंशन योजना से वंचित पात्र लाभुकों के आवेदन पर भी संबंधित पदाधिकारियों को जांच के बाद उन्हें योजना से जोड़ने की कार्रवाई करने को कहा गया.
रैयती जमीन पर जबरन कब्जे की शिकायत
जनता दरबार में नीमडीह एवं खरसावां अंचल में रैयती जमीन पर कथित अवैध एवं जबरन कब्जे से जुड़े मामले भी पहुंचे. वहीं गम्हरिया अंचल से बंदोबस्ती भूमि से संबंधित विवाद के आवेदन प्राप्त हुए. इसके अलावा स्वास्थ्य, शिक्षा, सदन निर्माण समिति एवं अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं भी उपायुक्त के समक्ष रखी गईं.
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने नागरिकों की समस्याओं को सुनने के बाद संबंधित पदाधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार, पारदर्शी एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन किया जाए. साथ ही पात्र लाभुकों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाते हुए की गई कार्रवाई से संबंधित आवेदकों को भी अवगत कराया जाए.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

