चांडिल: थाना क्षेत्र के गांगुडीह कैनाल में मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे एक बालू लदा टीपर अनियंत्रित होकर जा गिरा. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टीपर बालू लेकर जा रहा था. इसी दौरान गांगुडीह कैनाल के समीप चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और टीपर सीधे कैनाल में जा गिरा. राहत की बात यह है कि फिलहाल इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है. वाहन की रफ्तार अधिक थी या दुर्घटना के पीछे सड़क की स्थिति अथवा कोई अन्य कारण था, इसकी जानकारी जांच के बाद ही सामने आ सकेगी.
वहीं, तड़के बालू लदे टीपर के परिचालन को लेकर यह सवाल भी उठ रहा है कि वाहन में लदा बालू वैध चालान के साथ परिवहन किया जा रहा था या नहीं. संबंधित विभाग और पुलिस की जांच में इसकी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
रिपोर्ट: बिकास ठाकुर

