सरायकेला: आदित्यपुर के आशियाना चौक से सोमवार देर शाम कथित रूप से अपहृत कोलाबिरा के बालीगुमा निवासी अल्ताफ उर्फ हामिद को कुछ ही घंटों के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार बढ़ती पुलिस दबिश और जिलेभर में नाकेबंदी के बाद अपहर्ता युवक को कपाली के तमुलिया इलाके में छोड़कर फरार हो गए. कपाली ओपी पुलिस ने युवक को अपने संरक्षण में ले लिया है.


बताया जा रहा है कि अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले की सीमाओं और प्रमुख मार्गों पर नाकेबंदी कर सघन वाहन जांच शुरू कर दी गई थी. पुलिस की सक्रियता के कारण अपहर्ताओं के लिए युवक को लेकर आगे निकलना मुश्किल हो गया और वे उसे तमुलिया इलाके में छोड़कर फरार हो गए.
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक अपहर्ता काले रंग की स्विफ्ट कार में सवार थे. आरोप है कि आशियाना चौक से अल्ताफ को जबरन वाहन में बैठाकर ले जाया गया था.
प्रारंभिक स्तर पर घटना के तार ब्राउन शुगर के कथित कारोबार अथवा उससे जुड़े विवाद से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. युवक से पूछताछ और पुलिस की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही अपहरण के वास्तविक कारण और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी.
फिलहाल पुलिस काली स्विफ्ट की पहचान, उसमें सवार लोगों और उनके संभावित ठिकानों का पता लगाने में जुटी है. साथ ही यह भी जांच का अहम बिंदु है कि सरेशाम व्यस्त आशियाना चौक से युवक को जबरन उठाने का दुस्साहस आखिर किन लोगों ने और किस मकसद से किया.
कुल मिलाकर सरायकेला- खरसावां पुलिस की त्वरित नाकेबंदी और दबिश से युवक कुछ ही घंटों में सकुशल मिल गया. अब पुलिस के सामने अगली चुनौती घटना में शामिल आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तारी और पूरे घटनाक्रम के पीछे की वजह का खुलासा करना है.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

