धनबाद: वासेपुर के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान को धनबाद पुलिस ने पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से कोलकाता से गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार बंटी खान फर्जी दस्तावेजों के सहारे दुबई भागने की तैयारी में था. अंतरराष्ट्रीय उड़ान के जरिए विदेश निकलने से पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया.


धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने बैंक मोड़ थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि बंटी खान के खिलाफ हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और आपराधिक साजिश समेत एक दर्जन से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं. पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी.
गुप्त सूचना मिली थी कि बंटी खान कोलकाता में छिपा है और वहां से दुबई भागने की फिराक में है. इसके बाद धनबाद पुलिस की विशेष टीम कोलकाता भेजी गई. पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
वैध पासपोर्ट के साथ फर्जी पासपोर्ट और वीजा भी बरामद
पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान बंटी खान के पास से वैध पासपोर्ट के अलावा फर्जी पासपोर्ट और वीजा भी बरामद किए गए हैं. अब पुलिस इसकी जांच कर रही है कि फर्जी दस्तावेज किसने तैयार कराए और इसके पीछे कौन सा नेटवर्क सक्रिय है.
इससे पहले प्रिंस खान गिरोह से जुड़े मेजर उर्फ सैफी को भी कोलकाता एयरपोर्ट से दुबई भागने की कोशिश के दौरान गिरफ्तार किया गया था. बंटी खान की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को गिरोह के रंगदारी नेटवर्क, वित्तीय लेनदेन और विदेश में सक्रिय सदस्यों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है.
हथकड़ी और कमर में रस्सा बांधकर सड़क पर ले गई पुलिस
गिरफ्तारी के बाद धनबाद पुलिस बंटी खान को हथकड़ी लगाकर सड़क से लेकर गई. उसकी कमर में रस्सा बंधा था और पुलिसकर्मी चारों ओर मौजूद थे. इस दौरान उसे देखने के लिए सड़क पर लोगों की भीड़ भी जुट गई. पुलिस बंटी खान को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है. रिमांड मिलने पर उससे गिरोह के नेटवर्क और अन्य मामलों को लेकर विस्तृत पूछताछ की जाएगी.

