आदित्यपुर: आदित्यपुर-2 के रायडीह रोड नंबर 31- 32 स्थित भगवती संघ श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति की ओर से इस वर्ष दुर्गा पूजा का 20वां वर्ष मनाया जाएगा. सोमवार, 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के अवसर पर दुर्गा पूजा पंडाल निर्माण के लिए विधिवत भूमि पूजन किया गया. पंडित अभिजीत चटर्जी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना संपन्न कराई. इसके बाद पंडाल निर्माण के लिए ध्वजा फहराई गई.


कार्यक्रम की अध्यक्षता पूजा कमिटी के अध्यक्ष अधिवक्ता ओम प्रकाश ने की. मुख्य अतिथि के रूप में प्रेस क्लब सरायकेला- खरसावां के अध्यक्ष मनमोहन सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी सुरेश धारी मौजूद रहे.
इस अवसर पर कमिटी के कार्यकारी अध्यक्ष मनोज कुमार मिश्रा, उपाध्यक्ष राजू केराई एवं काजल राहा, मुख्य कोषाध्यक्ष राजेंद्र कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार, मुख्य यजमान दिनेश सिंह (संटू), चंद्रशेखर तिवारी, अजीत सिंह, बबलू सिंह, अमित ठाकुर, उमाशंकर तिवारी, महेंद्र प्रसाद और पीयूष कुमार सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे.
घोड़े पर होगा मां दुर्गा का आगमन, नौका पर गमन
कमेटी के अनुसार इस वर्ष मां दुर्गा का आगमन घोड़े पर होगा. 10 अक्टूबर को महालया, 11 अक्टूबर को कलश स्थापना तथा 21 अक्टूबर को विजयादशमी के दिन मां दुर्गा के नौका पर गमन के साथ विसर्जन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. भगवती संघ ने बताया कि सभी धार्मिक अनुष्ठानों को निर्धारित समय पर विधि- विधान से संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है. अष्टमी और नवमी के दिन श्रद्धालुओं के बीच महाभोग का वितरण किया जाएगा.
समिति अध्यक्ष अधिवक्ता ओम प्रकाश ने श्रद्धालुओं से दुर्गोत्सव में बढ़-चढ़कर शामिल होने के साथ पूजा पंडाल और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

